वायरल वीडियो के बाद हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हवलदार निलंबित

NEWS SAGA DESK

हजारीबाग :- सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में पीसीआर टीम के पुलिसकर्मियों पर हाईवा वाहन से कथित अवैध वसूली करने के आरोप के बाद हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक हवलदार को निलंबित कर दिया है, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पीसीआर ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मी एक हाईवा वाहन से रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की जानकारी मिलते ही एसपी ने मामले का संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया।

इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी को सौंपी गई जांच

मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के लिए एसपी ने एक इंस्पेक्टर रैंक के पदाधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच अधिकारी को पूरे मामले की पड़ताल कर जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

जांच के दौरान वायरल वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की गहन समीक्षा की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

जीरो टॉलरेंस नीति के तहत होगी कार्रवाई

एसपी अमन कुमार ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हजारीबाग पुलिस भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि यदि कोई पुलिसकर्मी अवैध वसूली या अनुचित गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

लोगों से शिकायत करने की अपील

एसपी ने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं पुलिसकर्मियों द्वारा अवैध वसूली या किसी अन्य प्रकार की अनुचित गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल डायल 100 या सीधे एसपी कार्यालय को दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Read More News

BRICS सम्मेलन को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, देवघर पहुंची गुजरात पुलिस; संदिग्ध युवक हिरासत में

BRICS सम्मेलन और गांधीनगर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में गुजरात पुलिस देवघर पहुंची।...

Read More