News Saga desk
गोरखपुर:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘जनता दर्शन’ में आए लोगों को विश्वास दिलाया कि आर्थिक सहायता हो या आवास, सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। उन्होंने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाने वालों से कहा कि आप एस्टिमेट बनवाइए और मरीज का ध्यान रखिए, इलाज की चिंता सरकार पर छोड़ दीजिए। वहीं आवास की मांग को लेकर पहुंचे फरियादियों को भी मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार हर जरूरतमंद को निरंतर प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास दिला रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि गरीब परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए आवास योजनाओं का विस्तार किया गया है और बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता भी दी जा रही है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में चलाए जा रहे ‘जीरो पॉवर्टी अभियान’ के तहत अत्यंत गरीब परिवारों की पहचान कर उन्हें आवास, राशन, स्वास्थ्य बीमा, पेंशन और रोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार गरीबों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आर्थिक सहायता हो या आवास, सरकार हर जरूरत के समय जनता के साथ मजबूती से खड़ी है।
No Comment! Be the first one.