NEWS SAGA DESK
रांची :- झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली शिक्षा कुमारी को सम्मानित किया। रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने शिक्षा को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री ने कहा कि शिक्षा कुमारी ने अपने कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह साबित कर दिया है कि कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि यह स्वर्ण पदक केवल शिक्षा की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि गोड्डा और पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा की सफलता राज्य की उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल, शिक्षा या अन्य क्षेत्रों में अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष कर रही हैं। सही अवसर और मजबूत संकल्प के साथ बेटियां हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकती हैं।
दीपिका पांडेय सिंह ने विश्वास जताया कि शिक्षा कुमारी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड और देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुलाकात के दौरान शिक्षा कुमारी ने मंत्री को चैंपियनशिप में अपने प्रदर्शन, प्रतियोगिता की तैयारियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित अभ्यास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें इस सफलता तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन और सरायकेला-खरसावां जिला बॉक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शिक्षा कुमारी ने 40-43 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। फाइनल मुकाबले में उन्होंने पश्चिम सिंहभूम की खिलाड़ी सिली को हराकर खिताब अपने नाम किया।
मंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है, ताकि झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकें।
No Comment! Be the first one.