NEWS SAGA DESK
हजारीबाग :- भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की हजारीबाग प्रमंडलीय टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रामगढ़ जिला प्रोबेशन कार्यालय में पदस्थापित सिमरन कुमारी और कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर (गृह रक्षक) सुजीत पासवान को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़की पोना निवासी त्रिदेव कुमार ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि सरकार की ओर से मिलने वाली पांच लाख रुपये की अनुदान राशि के सत्यापन के एवज में उनसे रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रिश्वत नहीं देने पर सत्यापन रिपोर्ट नहीं भेजने और काम रोकने की धमकी दी गई थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस दौरान कंप्यूटर ऑपरेटर सुजीत पासवान को शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। इसके बाद मामले की मुख्य आरोपी प्रोबेशन ऑफिसर सिमरन कुमारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी के अनुसार, प्रोबेशन ऑफिसर के निर्देश पर पहली किस्त के रूप में पांच हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए कानूनी कार्रवाई के लिए एसीबी से संपर्क किया था।
एसीबी हजारीबाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, त्रिदेव कुमार के परिवार को सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की अनुदान सहायता मिलने वाली थी। अनुदान राशि से संबंधित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए जब उन्होंने जिला प्रोबेशन कार्यालय से संपर्क किया, तो उन्हें कंप्यूटर ऑपरेटर से मिलने को कहा गया। आरोप है कि सत्यापन प्रतिवेदन भेजने के नाम पर उनसे 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
No Comment! Be the first one.