News Saga Desk
रांची: झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव से ठीक पहले रांची के रेडिशन ब्लू होटल में ठहरे एनडीए विधायकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान विधायकों को राज्यसभा चुनाव की वोटिंग प्रक्रिया समझाई गई तथा मॉक पोल के माध्यम से मतदान का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मौजूद रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि मतदान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियागत त्रुटि न हो। विशेष रूप से नए विधायकों को मतदान की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
परिमल नाथवानी की जीत का दावा
मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दावा किया कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत शत-प्रतिशत तय है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी विधायक एकजुट होकर उम्मीदवार के समर्थन में खड़े हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
आदित्य साहू ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा पर होटल राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि बीएनआर होटल में उनके विधायक क्यों ठहरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता पहले दावा कर रहे थे कि उनके विधायक सीधे अपने घरों से मतदान करने आएंगे, लेकिन अब वे भी होटल में ठहरे हुए हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने पोलिंग एजेंट के रूप में झारखंड से बाहर के नेताओं को जिम्मेदारी दी है। साहू ने सवाल उठाया कि क्या झारखंड कांग्रेस के स्थानीय नेताओं पर पार्टी को भरोसा नहीं है।
एनडीए खेमे में उत्साह
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए विधायकों में उत्साह का माहौल है और गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी खेमे के कुछ विधायक भी अपनी अंतरात्मा और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए मतदान कर सकते हैं।
बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा, आजसू, जदयू और लोजपा के कई विधायक मौजूद रहे। प्रमुख नेताओं में , सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, मनोज यादव, नीरा यादव, राज सिन्हा, आलोक चौरसिया, प्रदीप प्रसाद, चम्पई सोरेन, सरयू राय, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह, जनार्दन पासवान और निर्मल महतो सहित अन्य विधायक शामिल रहे।
राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए और विपक्ष दोनों ही अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने और रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। ऐसे में चुनाव परिणाम को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है।
No Comment! Be the first one.