Jharkhand Rajya Sabha Elections: NDA और इंडिया गठबंधन दोनों ने किया जीत का दावा, मतदान के बीच बढ़ी सियासी सरगर्मी

News Saga Desk

झारखंड राज्यसभा चुनाव के मतदान के बीच NDA समर्थित परिमल नाथवानी और इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बैजनाथ राम व प्रणव झा ने जीत का दावा किया। दोनों खेमों के नेताओं ने अपने प्रत्याशियों की जीत को लेकर जताया भरोसा।

Jharkhand Rajya Sabha Elections

रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए बुधवार को मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही। मतदान के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों खेमों में जीत को लेकर पूरा आत्मविश्वास देखने को मिला। इंडिया गठबंधन और एनडीए समर्थित प्रत्याशियों ने विधानसभा पहुंचकर अपनी-अपनी जीत का दावा किया।

इंडिया गठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बैजनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने प्रणव झा को मैदान में उतारा है। दूसरी ओर निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी को एनडीए का समर्थन प्राप्त है।

मतदान के दौरान विधानसभा पहुंचे इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बैजनाथ राम ने अपनी जीत को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि उन पर देवी की विशेष कृपा है और नामांकन से लेकर मतदान तक उन्होंने माता का आशीर्वाद लिया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी जीत निश्चित है।

वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी भी पूजा-अर्चना के बाद विधानसभा पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 और 2014 में उन्हें झारखंड की सेवा करने का अवसर मिला था और उन्हें उम्मीद है कि इस बार भी जनता और जनप्रतिनिधि उन्हें सेवा का मौका देंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें जीत के लिए जितने समर्थन की आवश्यकता है, उससे अधिक समर्थन मिलने की संभावना है।

एनडीए ने जताया पूरा भरोसा

राज्यसभा चुनाव में मतदान के लिए एनडीए विधायक दल रांची के होटल रेडिसन ब्लू से एक साथ बस में सवार होकर विधानसभा पहुंचा। विधानसभा पहुंचने से पहले भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बावरी ने दावा किया कि परिमल नाथवानी की जीत सौ प्रतिशत तय है। उन्होंने कहा कि नाथवानी को लगभग 35 वोट मिलने की उम्मीद है।

अमर कुमार बावरी ने कहा कि झारखंड की वर्तमान परिस्थितियों को सुधारने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को और मजबूत करने के लिए यह महत्वपूर्ण चुनाव है। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी के विधायक जनार्दन पासवान ने भी परिमल नाथवानी की जीत का दावा करते हुए कहा कि शाम पांच बजे के बाद पूरी तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।

Rajya Sabha Elections

इंडिया गठबंधन ने भी दोनों सीटों पर जताई जीत की उम्मीद

इधर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने भी अपने दोनों उम्मीदवारों बैजनाथ राम और प्रणव झा की जीत का दावा किया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक एम.टी. राजा और हेमलाल मुर्मू ने कहा कि गठबंधन के दोनों उम्मीदवार चुनाव जीत रहे हैं।

विधायक चमरा लिंडा ने कहा कि राजनीतिक गणित के अनुसार इंडिया गठबंधन के दोनों प्रत्याशी विजयी होंगे। वहीं राज्य के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि झामुमो, कांग्रेस, राजद और माले के विधायक पूरी तरह एकजुट हैं तथा गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत शत-प्रतिशत सुनिश्चित है।

राज्यसभा चुनाव को लेकर दोनों राजनीतिक खेमों के दावों ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है। अब सभी की निगाहें मतदान समाप्त होने के बाद आने वाले परिणामों पर टिकी हैं, जो यह तय करेंगे कि झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों पर कौन प्रतिनिधित्व करेगा।

Read More News

आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले का आरोपी पुलिस हिरासत से भागा, मांडर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर पेट्रोल बम...

Read More