बढ़ती चिप लागत के चलते Apple बढ़ा सकता है उत्पादों की कीमतें

NEWS SAGA DESK

नई दिल्ली :- अमेरिका की प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी Apple अपने कुछ उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित डेटा सेंटरों की बढ़ती मांग के कारण मेमोरी और स्टोरेज चिप्स महंगे हो रहे हैं, जिससे कंपनी की लागत और मुनाफे पर दबाव बढ़ गया है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी Tim Cook ने कहा है कि बढ़ती लागत का पूरा बोझ कंपनी लंबे समय तक स्वयं नहीं उठा सकती और भविष्य में इसका कुछ असर उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है।

कुक ने कहा कि कंपनी लगातार लागत वृद्धि के प्रभाव को कम करने और ग्राहकों को राहत देने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब स्थिति ऐसी हो गई है कि कीमतों में बढ़ोतरी से पूरी तरह बचना संभव नहीं रह गया है।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब एआई तकनीक के तेजी से विस्तार के कारण वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग पर दबाव बढ़ रहा है। ऑटोमोबाइल, रिटेल और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग से जुड़े कई संगठनों ने भी चेतावनी दी है कि मेमोरी चिप्स की बढ़ती मांग के कारण उत्पादों की कीमतें बढ़ सकती हैं और आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि कीमतों में बढ़ोतरी कब से लागू होगी, कितनी होगी और किन उत्पादों पर इसका प्रभाव पड़ेगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, विशेष रूप से डायनामिक रैंडम एक्सेस मेमोरी (डीआरएएम) बाजार में आपूर्ति घटने के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है। चिप निर्माता कंपनियां अब अपनी उत्पादन क्षमता का बड़ा हिस्सा एआई सर्वरों में उपयोग होने वाली हाई-बैंडविड्थ मेमोरी के निर्माण में लगा रही हैं, जिससे उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र के लिए उपलब्धता कम हो रही है।

कुक के अनुसार, मेमोरी चिप्स की बड़ी मात्रा एआई इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर जा रही है, जबकि उपभोक्ता उपकरणों के लिए मांग बनी हुई है। ऐसे में सीमित आपूर्ति और बढ़ती मांग के कारण चिप निर्माताओं ने कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि कर दी है।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ता उत्पादों के लिए मेमोरी की उपलब्धता और कीमतों को संतुलित स्तर पर वापस लाना आवश्यक है।

इस बीच, कंपनी ने अप्रैल में नेतृत्व परिवर्तन की भी घोषणा की थी। इसके तहत हार्डवेयर इंजीनियरिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष John Ternus एक सितंबर 2026 से कंपनी के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का पद संभालेंगे। वहीं, टिम कुक नई कार्यकारी अध्यक्ष (एग्जीक्यूटिव चेयरमैन) की भूमिका में नीति-निर्माताओं के साथ समन्वय और कंपनी के रणनीतिक मामलों में योगदान देंगे।

Read More News

आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले का आरोपी पुलिस हिरासत से भागा, मांडर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर पेट्रोल बम...

Read More