NEWS SAGA DESK
अमृतसर :- सीमावर्ती जिला अमृतसर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। बीएसएफ की 117 बटालियन ने खुफिया सूचना के आधार पर अजनाला क्षेत्र के गांव हरड़ खुर्द के पास एक भारतीय नागरिक को हिरासत में लिया, जिसकी निशानदेही पर यह कार्रवाई की गई।
बीएसएफ के अनुसार गुरुवार रात मिली विशेष खुफिया सूचना के आधार पर अमृतसर ग्रामीण के थाना अजनाला क्षेत्र के अंतर्गत गांव हरड़ खुर्द में तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक एके-47 राइफल, 25 पिस्तौल, 47 पिस्तौल मैगजीन, एक बुलेटप्रूफ जैकेट और 368 जिंदा कारतूस बरामद किए।
बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति से गहन पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियारों का यह जखीरा किस उद्देश्य से एकत्र किया गया था और इसके पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय है।
अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। घटना के बाद बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।
No Comment! Be the first one.