NEWS SAGA DESK
रांची :- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महाराष्ट्र प्रवास के दौरान शिरडी पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार सहित शिरडी साईं बाबा मंदिर में साईं बाबा के दर्शन किए। दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों पर जाने से मन को शांति मिलती है, कठिन परिस्थितियों से लड़ने की शक्ति मिलती है और जीवन में अच्छे कार्य करने की प्रेरणा प्राप्त होती है।
दर्शन के उपरांत साईं बाबा संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडिलकर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें शॉल और साईं बाबा की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पहले भी शिरडी आ चुके हैं और साईं बाबा के प्रति उनकी गहरी आस्था है। उन्होंने कहा कि झारखंड में भी साईं बाबा के कई मंदिर हैं और समय-समय पर वे वहां दर्शन के लिए जाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि साईं बाबा के आशीर्वाद से ही वे जनता की सेवा के लिए कार्य कर रहे हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि वे साईं बाबा के चरणों में अच्छे विचार और भविष्य में जनहित के अधिक कार्य करने का आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि इंसान से गलतियां होना स्वाभाविक है, इसलिए उन्होंने साईं बाबा से लोगों के लिए अधिक से अधिक अच्छे कार्य करने की शक्ति और मार्गदर्शन देने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया संदेश में लिखा कि उन्होंने परिवार सहित शिरडी की पावन धरती पर साईं बाबा के चरणों में नमन कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड में जल संकट के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि एक समय राज्य में पानी की स्थिति काफी गंभीर थी, लेकिन अब बड़ी संख्या में घरों तक नल से जल पहुंचाया जा रहा है। इसके बावजूद कुछ क्षेत्रों में अब भी पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने लोगों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि जल और पर्यावरण की रक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य और संसाधनों से समृद्ध राज्य है तथा देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने लोगों से झारखंड के गांवों का दौरा करने और राज्य की संस्कृति, परंपरा तथा विकास को करीब से देखने का आग्रह किया।
No Comment! Be the first one.