NEWS SAGA DESK
रांची :- झारखंड में मानसूनी गतिविधियों के असर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 10 जिलों में गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार रांची, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में गर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है। इन इलाकों में कहीं-कहीं वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि राज्यभर में 26 जून तक बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस अवधि में कई जिलों में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने किसानों, खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों तथा बाहरी गतिविधियों में शामिल नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटे का मौसम
विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य का सर्वाधिक तापमान सरायकेला में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान रांची के नामकुम क्षेत्र में 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रविवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे। दिनभर उमस बनी रही, जबकि दोपहर बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| रांची | 35.2°C | 22.4°C |
| जमशेदपुर | 38.4°C | 25.8°C |
| डाल्टनगंज | 38.6°C | 28.8°C |
| बोकारो | 37.1°C | 27.2°C |
| चाईबासा | 37.4°C | 27.0°C |
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश होने और तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही कृषि कार्यों के लिए भी मौसम अनुकूल माना जा रहा है। हालांकि वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
No Comment! Be the first one.