NEWS SAGA DESK
रांची :- झारखंड में इस वर्ष मानसून की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है। राज्य में एक जून से 24 जून तक सामान्य के मुकाबले 58 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे कई जिलों में सूखे जैसी स्थिति बनने लगी है। वर्षा की कमी का असर कृषि गतिविधियों पर भी दिखाई देने लगा है और किसान खरीफ फसलों की बुआई के लिए पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार राजधानी रांची को छोड़ अधिकांश जिलों में वर्षा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। राज्य में अब तक सबसे बेहतर स्थिति रांची जिले की रही है, जहां सामान्य वर्षा की तुलना में केवल 13 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। रांची में इस अवधि के दौरान सामान्यतः 137.4 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 119.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
इसके विपरीत राज्य के कई जिलों में वर्षा का भारी अभाव बना हुआ है। सबसे चिंताजनक स्थिति गढ़वा और चतरा जिलों की बताई जा रही है, जहां सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है। जलाशयों और छोटे जलस्रोतों में भी अपेक्षित जलभराव नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ गई है।
हालांकि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के शेष 20 जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने तथा कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक वर्षा गुमला जिले के रायडीह क्षेत्र में 71.4 मिलीमीटर दर्ज की गई। हालांकि अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का वितरण असमान रहा, जिसके कारण कई जिलों में गर्मी और उमस बनी हुई है।
तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं सबसे कम तापमान लातेहार में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी रांची में सुबह से मौसम साफ रहने के कारण लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छाने से तापमान में कुछ कमी आई और लोगों को राहत मिली। रांची में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बोकारो में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री तथा न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
No Comment! Be the first one.