मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के 262 चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, ईमानदारी से काम करने की दी नसीहत

NEWS SAGA DESK

रांची :- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय स्थित प्रोजेक्ट भवन के सभागार में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न पदों के लिए चयनित 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित अधिकारियों और चिकित्सकों को पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वालों में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के माध्यम से चयनित 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, अनुबंध के आधार पर नियुक्त 151 विशेषज्ञ चिकित्सक, 29 सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर तथा 26 फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन पदों पर नियुक्तियां हुई हैं, वे सभी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल मैनेजर और फाइनेंस मैनेजर की जिम्मेदारी भी चिकित्सकों के समान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर अक्सर सवाल उठते हैं, इसलिए नव नियुक्त अधिकारी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाला वेतन जनता के कर से प्राप्त धन से दिया जाता है। ऐसे में सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि सहित विभिन्न विभागों में नियुक्ति प्रक्रिया लगातार जारी है और सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों और चिकित्सकों को देश के उत्कृष्ट संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाने की बात भी कही।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि झारखंड में वर्षों से विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी रही है, जिसे दूर करने के लिए सरकार ने विशेष प्रयास किए हैं। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए अपनाए गए मॉडल को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और देश के विभिन्न हिस्सों से चिकित्सक झारखंड में सेवा देने के लिए आगे आए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की नियुक्ति को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। वहीं सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर अस्पताल प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाएंगे।

उन्होंने बताया कि आने वाले समय में स्वास्थ्य विभाग में लगभग 13 हजार पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके तहत जेपीएससी के माध्यम से 1200 चिकित्सकों तथा जेएसएससी के माध्यम से 7500 एएनएम और जीएनएम की नियुक्ति प्रस्तावित है। राज्य में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए हेल्थ सब-सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन की भी योजना है।

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव एके सिंह ने बताया कि पिछले दो वर्षों के दौरान विभाग में बड़ी संख्या में नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने नव नियुक्त खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों ने खुशी जताई। जमशेदपुर में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के रूप में नियुक्त भोलाशंकर ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद उनकी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हुई है। वहीं गढ़वा सदर अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त डॉ. अंजनी बारा नियुक्ति पत्र प्राप्त कर भावुक हो गईं। बिहार से आईं डॉ. नैना ने भी राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Read More News

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के 262 चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, ईमानदारी से काम करने की दी नसीहत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय स्थित प्रोजेक्ट भवन के सभागार में स्वास्थ्य विभाग के...

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खेल उत्सव का आयोजन, क्रॉस कंट्री रेस में मांगु ईचागुटू और प्रतिका महतो बने चैंपियन

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ तथा झारखंड सरकार के पर्यटन,...

मुहर्रम की सातवीं पर मेदनीनगर में निकला भव्य जुलूस, ‘या हसन-या हुसैन’ के नारों से गूंजा शहर

मुहर्रम की सातवीं तारीख के अवसर पर मेदनीनगर में मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक भव्य जुलूस निकाला...

Read More