मानसिक रूप से बीमार महिला ने दो मासूम बच्चों संग कुएं में कूदकर दी जान

NEWS SAGA DESK

गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कथित रूप से कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान परदेशनी कुमारी (27), उनके पुत्र अंश उरांव (5) और पुत्री आशमानी कुमारी (4) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, परदेशनी कुमारी का पिछले करीब आठ महीनों से कांके में मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा था। महिला के पति जगन्नाथ उरांव ने बताया कि बुधवार दोपहर उनकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर घर के पास स्थित एक कुएं की ओर गई थीं। दोपहर का समय होने के कारण आसपास कोई मौजूद नहीं था।

काफी देर तक पत्नी और बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। दादी गुनिया देवी और बुआ संतोषी कुमारी ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जगन्नाथ उरांव ने कुएं में झांककर देखा तो पानी में एक कपड़ा दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से कुएं की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान सबसे पहले अंश उरांव का शव दिखाई दिया। बाद में महिला और उसकी पुत्री के शव भी कुएं से बाहर निकाले गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलने पर घाघरा थाना के एसआई आदित्य कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया।

एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Read More News

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के 262 चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, ईमानदारी से काम करने की दी नसीहत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय स्थित प्रोजेक्ट भवन के सभागार में स्वास्थ्य विभाग के...

Read More