प्रधानमंत्री मोदी से मिले अमेजन के सीईओ, भारत में 13 अरब डॉलर के अतिरिक्त निवेश का ऐलान

NEWS SAGA DESK

नई दिल्ली :- वैश्विक ई-कॉमर्स और प्रौद्योगिकी कंपनी अमेजन ने वर्ष 2030 तक भारत में कृत्रिम मेधा (एआई) और क्लाउड अवसंरचना के विस्तार के लिए अतिरिक्त 13 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करने की योजना की घोषणा की है। यह जानकारी कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एंडी जेसी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के दौरान दी।

अमेजन के सीईओ एंडी जेसी ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट कर भारत में कंपनी की दीर्घकालिक निवेश योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि नए निवेश के साथ वर्ष 2026 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का कुल पूंजी निवेश बढ़कर 48 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाएगा।

एंडी जेसी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ भारत में अमेजन के भविष्य को लेकर हुई चर्चा बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने भारत के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि अमेजन पिछले एक दशक से अधिक समय से देश में ग्राहकों, विक्रेताओं, डेवलपर्स, स्टार्टअप्स और विभिन्न संस्थानों की सेवा कर रहा है और भविष्य में निवेश की गति और तेज होगी।

उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में कंपनी 48 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करेगी, जिसमें एआई और क्लाउड अवसंरचना में 21 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का निवेश शामिल है। कंपनी का लक्ष्य ई-कॉमर्स निर्यात को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर सृजित करने और छोटे व्यवसायों तथा छात्रों तक डिजिटल तकनीकों का लाभ पहुंचाना है।

जेसी ने बताया कि अमेजन का उद्देश्य लाखों रोजगारों को समर्थन देना, छोटे व्यवसायों को डिजिटल मंच उपलब्ध कराना और सरकारी स्कूलों के लाखों छात्रों तक एआई आधारित अवसरों को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भारत में प्रौद्योगिकी और नवाचार की संभावनाएं बेहद व्यापक हैं और कंपनी इस दिशा में दीर्घकालिक निवेश के लिए प्रतिबद्ध है।

कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अतिरिक्त 13 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश भारत में एआई और क्लाउड अवसंरचना के विस्तार के लिए किया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष 2026 से 2030 के बीच एआई और क्लाउड अवसंरचना में अमेजन का कुल नियोजित निवेश 21 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो जाएगा।

अमेजन के अनुसार यह निवेश मुंबई और हैदराबाद स्थित अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) के डेटा सेंटरों की क्षमता बढ़ाने में सहायक होगा। इससे स्टार्टअप्स, उद्यमों और सरकारी संस्थाओं को उन्नत एआई चिप्स, प्रबंधित एआई सेवाओं, सुरक्षित क्लाउड प्रौद्योगिकी और डेवलपर टूल्स तक बेहतर पहुंच मिलेगी। इसके माध्यम से नवाचार को बढ़ावा देने, सेवाओं के विस्तार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारतीय संस्थाओं की भागीदारी मजबूत करने में मदद मिलेगी।

कंपनी ने यह भी कहा कि वर्ष 2010 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का कुल संचयी निवेश 88 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो जाएगा, जो भारत में उसके दीर्घकालिक विश्वास और निवेश प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Read More News

Read More