चकाई-देवघर मार्ग पर कांवरियों से भरी पिकअप पलटने से 16 श्रद्धालु घायल हो गये। सात की हालत गंभीर है। घायलों का देवघर और चकाई में इलाज चल रहा है।
देवघर से सटे बिहार के जमुई जिले में चकाई-देवघर मार्ग पर पिकअप दुर्घटना का दर्दनाक मामला सामने आया है। चंद्रमंडी थाना क्षेत्र में सोमवार अहले सुबह कांवरियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गयी। हादसा एनएच-333 पर चोरकट्टा मोड़ के पास करीब दो बजे हुआ। दुर्घटना में 16 श्रद्धालु घायल हो गये, जिनमें सात की हालत गंभीर बतायी जा रही है। प्रारंभिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सात श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर किया गया।

बताया गया कि पिकअप में सवार सभी श्रद्धालु बिहार के नालंदा, औरंगाबाद और शेखपुरा जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं और आपस में रिश्तेदार हैं। सभी देवघर और बासुकीनाथधाम में पूजा-अर्चना करने के बाद राजगीर की ओर जा रहे थे।
चालक को झपकी आने से अनियंत्रित हुआ वाहन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, माधोपुर बाजार पार करने के बाद वाहन चालक को झपकी आ गयी। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकरायी। टक्कर के बाद वाहन गड्ढे में पलट गया।
हादसा इतनी तेजी से हुआ कि श्रद्धालुओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना में वाहन में सवार कई लोग घायल हो गये। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पिकअप में बनाया गया था दो मंजिला मचान
हादसे की एक गंभीर वजह वाहन में श्रद्धालुओं की क्षमता से अधिक संख्या और अस्थायी मचान बनाया जाना भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पिकअप में बांस-बल्ली की मदद से दो मंजिला मचान तैयार किया गया था। कुछ श्रद्धालु ऊपर बने मचान पर सो रहे थे।
टक्कर के बाद बिजली का पोल टूटकर पिकअप पर गिर गया। ऊपर सो रहे श्रद्धालु पोल और वाहन के हिस्सों के नीचे दब गये। इसके बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गयी। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
No Comment! Be the first one.