पटना के मसौढ़ी में शिक्षिका लक्ष्मी देवी का शव बेडरूम में मिला। SIT जांच में दो चाय कप, खुले दरवाजे और गायब जेवर समेत कई सुराग सामने आए हैं।
पटना में शिक्षिका की हत्या का मामला मसौढ़ी थाना क्षेत्र के कैलू बीघा में सामने आया है। बुधवार को 45 वर्षीय शिक्षिका लक्ष्मी देवी का शव उनके घर के बेडरूम में खून से लथपथ मिला। लक्ष्मी देवी पोठही मध्य विद्यालय में शिक्षिका थीं और वर्ष 2005 में प्रखंड शिक्षामित्र के पद से शिक्षिका बनी थीं। वह कैलू बीघा स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने SIT का गठन किया है।

पुलिस फिलहाल हत्या के कारण और आरोपी की पहचान का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल से मिले कई सामान और परिस्थितियां जांच का अहम हिस्सा बन गई हैं।
पति ने सुबह कई बार किया फोन
लक्ष्मी देवी के पति ज्ञानचंद चौधरी गया के टेकारी में ग्रामीण कार्य विभाग में सहायक अभियंता हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब 9:45 बजे उनकी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे उन्होंने पत्नी को फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद उन्होंने पोठही मध्य विद्यालय के शिक्षक बृजेश कुमार से संपर्क किया। शिक्षक ने बताया कि लक्ष्मी देवी बुधवार को स्कूल नहीं पहुंची थीं। इसके बाद पति ने अपने बेटे गौरव कुमार को घर जाकर मां का हाल जानने के लिए कहा।
खिड़की तोड़कर बेटे ने देखा शव
गौरव कुमार उस समय मसौढ़ी के प्रेम रोड स्थित अपने ननिहाल में था। पिता से जानकारी मिलने के बाद वह कैलू बीघा स्थित घर पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
स्थिति संदिग्ध लगने पर गौरव ने बरामदे की ओर से खिड़की तोड़ी। अंदर देखने पर उसकी मां बेड पर खून से लथपथ पड़ी मिलीं। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पटना में शिक्षिका की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।जांच के दौरान पुलिस को घर से कुछ ऐसे सामान मिले हैं, जिनसे आशंका है कि घटना से पहले लक्ष्मी देवी के साथ कोई दूसरा व्यक्ति मौजूद था। रसोई में चाय के दो कप मिले। वहीं डायनिंग टेबल पर एक जूठी प्लेट में दो चम्मच रखे मिले।
No Comment! Be the first one.