झारखंड में मानसून फिर सक्रिय है। रांची में अब तक 1043 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 15% अधिक है। 20 सितंबर तक बारिश के आसार हैं।
झारखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रांची समेत खूंटी, सरायकेला-खरसावां और राज्य के कई अन्य जिलों में शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। रांची में देर रात से रुक-रुककर बारिश जारी है। मौसम केंद्र रांची के 11 सितंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से अब तक राजधानी में कुल 1043 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

सामान्य तौर पर इस अवधि में 910.1 मिमी बारिश होती है। यानी रांची में सामान्य से 132.9 मिमी, करीब 15 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है।
रांची में सामान्य से 15 प्रतिशत अधिक बारिश
राज्य के 24 जिलों में रांची उन इलाकों में शामिल है, जहां इस मानसून सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। शुक्रवार को भी राजधानी में सुबह 8:30 बजे से झमाझम बारिश हुई और 6.2 मिमी पानी दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर रुक-रुककर जारी रह सकता है। ऐसे में मानसून फिर सक्रिय होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
सितंबर में 66 प्रतिशत बारिश का लक्ष्य पूरा
सितंबर के शुरुआती 11 दिनों में ही रांची में सामान्य मासिक बारिश का करीब 66 प्रतिशत आंकड़ा पूरा हो चुका है। पूरे सितंबर में राजधानी में सामान्य बारिश 212 मिमी मानी जाती है, जबकि 11 सितंबर तक करीब 141 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। इस हिसाब से सितंबर के सामान्य आंकड़े तक पहुंचने के लिए अब करीब 71 मिमी बारिश की जरूरत है। 17 सितंबर तक रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग को उम्मीद है कि महीने की सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा हो सकता है। अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अधिकतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
झारखंड से मानसून की वापसी 10 से 12 अक्टूबर के बीच होने का अनुमान जताया गया है। अगर यह पूर्वानुमान सही रहता है तो दशहरा और दुर्गापूजा के दौरान लगातार बारिश से बड़े व्यवधान की आशंका फिलहाल कम मानी जा रही है। हालांकि, त्योहारों के दौरान स्थानीय मौसम परिस्थितियों में बदलाव संभव है।
No Comment! Be the first one.