बिहार की सिंगर दीपाली सहाय को रणबीर कपूर की बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण’ में गाने का मौका मिला है। ए.आर. रहमान के संगीत में वह ‘जय जय राम’ गाने को अपनी आवाज देंगी।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही रणबीर कपूर स्टारर महाकाव्य फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) इन दिनों भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। इस मेगा प्रोजेक्ट से जुड़ी एक बेहद गर्व करने वाली खबर सामने आई है। बिहार की प्रतिभावान पार्श्व गायिका दीपाली सहाय (Deepali Sahay) को इस ऐतिहासिक फिल्म के संगीत का हिस्सा बनने का अवसर मिला है। ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने एक बार फिर दीपाली की गायकी पर भरोसा जताते हुए उन्हें इस फिल्म में गाना गाने का मौका दिया है।

‘रामायण’ के ‘जय जय राम’ गाने में दीपाली की आवाज
दीपाली सहाय रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ के तेलुगु वर्जन के प्रमुख गाने ‘जय जय राम’ को अपनी आवाज देंगी। इस गाने की रचना दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान ने की है।
अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि और रहमान के साथ दोबारा काम करने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए दीपाली सहाय ने कहा:
“ए.आर. रहमान सर का मुझ पर फिर से यह अटूट भरोसा जताना किसी चमत्कार से कम नहीं है। ‘रामायण’ जैसी ऐतिहासिक फिल्म का हिस्सा बनना और रहमान सर के मार्गदर्शन में गाना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।”
‘इंडियन आइडल’ से बड़े पर्दे तक का सफर
बिहार से ताल्लुक रखने वाली दीपाली सहाय ने अपने संगीतमय सफर की शुरुआत रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के मंच से की थी। अपनी सुरीली आवाज और गायकी के दम पर उन्होंने शो में सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड और क्षेत्रीय सिनेमा में कई गीतों को अपनी आवाज दी।
दीपाली इससे पहले फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के हिट गीत ‘तेरे पास मैं’ (फीमेल वर्जन), ‘वन टू चा चा चा’ के ‘धनिया’ और ‘आ भी जा ओ पिया’ के टाइटल ट्रैक में अपनी गायकी का हुनर दिखा चुकी हैं। इसके अलावा, भोजपुरी संगीत जगत में भी उनके गाए भक्ति और लोकगीत जैसे ‘हे छठी मैया’, ‘हे देवी’, ‘तहके सेनुरा हमार’, ‘बनी जइहो बन के’ और ‘रंग दे’ काफी लोकप्रिय रहे हैं।
No Comment! Be the first one.