जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर JMM नेता डोमिनिक सैमसन समेत 4 लोगों को गोली मार दी। पुलिस जांच में जुटी है।
झारखंड की औद्योगिक राजधानी जमशेदपुर में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है। शनिवार को सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास उडुपी रेस्टोरेंट के बाहर दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस जानलेवा हमले में JMM (झामुमो) नेता और जमीन कारोबारी डोमिनिक सैमसन समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया है।

पहले मारपीट, फिर पिस्टल निकालकर चला दीं गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर की है जब झामुमो नेता डोमिनिक सैमसन अपने तीन अन्य साथियों के साथ बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे।
तभी वहां 3 से 4 अज्ञात युवक आ धमके। किसी पुरानी रंजिश या बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावर युवकों ने पहले उनके साथ जमकर मारपीट की और फिर अपनी कमर से पिस्टल निकालकर उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से मॉल और रेस्टोरेंट परिसर में भगदड़ मच गई और हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की इस घटना में घायल हुए चारों व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है:
- डोमिनिक सैमसन: (निवासी: आदित्यपुर) – JMM नेता और जमीन कारोबारी।
- कृष्णा चौबे: (निवासी: कपाली)
- एमडी रिजवान: (निवासी: आजाद नगर)
- एमडी दिलशाद: (निवासी: कपाली)
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल हुए चारों व्यक्तियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वे विभिन्न मामलों में पुलिस की रडार पर रहे हैं।
No Comment! Be the first one.