गांधी जयंती पर CM सोरेन ने बापू-शास्त्री को किया नमन

NEWS SAGA DESK

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचकर बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भी उन्हें सादर नमन किया।

मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वावलंबन के आदर्शों को याद करते हुए राज्यवासियों की ओर से उनके बताए मार्ग पर चलने और एक समृद्ध व समतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।

बापू वाटिका में पत्रकारों व उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन भारत के गौरवशाली इतिहास का एक ऐसा स्वर्णिम पृष्ठ है, जिसे जब तक यह देश रहेगा, तब तक कभी भुलाया नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा कि आज का दिन देश की दो ऐसी महान विभूतियों की जयंती का दिन है, जिन्होंने अपने असाधारण विचारों, त्याग और राष्ट्रसेवा के बल पर भारत को स्वतंत्रता दिलाने और आजादी के बाद देश को एक सशक्त दिशा देने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। बापू और शास्त्री जी के कार्य हर भारतीय के मन में अमर हैं।

देश का मार्गदर्शन कर रहे हैं महान विभूतियों के विचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का इतिहास पूरी दुनिया में अपनी एक विशिष्ट और सांस्कृतिक पहचान रखता है। इस पावन धरा पर समय-समय पर ऐसी महान आत्माओं और युगपुरुषों ने जन्म लिया है, जिन्होंने न केवल तत्कालीन समाज को दिशा दी, बल्कि पूरे राष्ट्र का पथ प्रदर्शन किया।

हेमंत सोरेन ने जोर देकर कहा कि महात्मा गांधी के विचार और आदर्श केवल अतीत का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वर्तमान समय में भी पूरी दुनिया और हमारे देश का मार्गदर्शन कर रहे हैं। शांति, सौहार्द और अहिंसा का बापू का संदेश आज के दौर में और अधिक प्रासंगिक हो गया है।

कार्यक्रम के दौरान सीएम सोरेन ने कहा कि वर्तमान सरकार और राज्य के नागरिक उन्हीं महान विभूतियों के दिखाए मार्ग और उच्च विचारों को अपने कंधों पर लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, “ऐसी महान विभूतियां भौतिक रूप से हमारे बीच न होकर भी अपने विचारों, सिद्धांतों और कृतियों के माध्यम से हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगी। उनके आदर्श न केवल हमारे लिए बल्कि आने वाली भावी पीढ़ियों के लिए भी निरंतर प्रेरणा और ऊर्जा का अटूट स्रोत बने रहेंगे।”

Read More News

पेसा कानून से मजबूत होंगी ग्रामसभाएं, अधिकारों के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी: शिल्पी नेहा तिर्की

झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने बेड़ो व इटकी में ग्राम...

Read More