गांधी जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत रांची नगर निगम के वार्ड संख्या-14 में शुक्रवार को स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। पार्षद अंजू देवी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ रांची विधायक सीपी सिंह ने किया।
NEEWS SAGA DESK:
गांधी जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत रांची नगर निगम के वार्ड संख्या-14 में शुक्रवार को स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। पार्षद अंजू देवी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ रांची विधायक सीपी सिंह ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद पार्षद के नेतृत्व में वार्ड की विभिन्न गलियों और मोहल्लों में भ्रमण कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान लोगों से घर, दुकान और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने की अपील की गई। दुकानदारों और फल विक्रेताओं से सड़क पर प्लास्टिक, खराब सामान या अन्य कचरा नहीं फेंकने और कूड़ेदान व कचरा वाहन का इस्तेमाल करने का आग्रह किया गया।
पार्षद अंजू देवी ने कहा कि स्वच्छ वार्ड के लिए नगर निगम के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने स्वच्छता को सिर्फ एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि नियमित जन-अभियान बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने घोषणा की कि जिन मोहल्लों में बड़ी कचरा गाड़ी पहुंचने में परेशानी होती है, वहां कचरा संग्रहण के लिए छोटी ट्रॉली भेजी जाएगी। इससे ऐसे इलाकों में भी नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यालय के छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने वार्ड-14 को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में सहयोग का संकल्प लिया।
No Comment! Be the first one.