रांची के होटल और बार पुलिस के रडार पर, देर रात कई जगह छापेमारी से मचा हड़कंप

राजधानी रांची में होटल और बार में कथित अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों के बाद पुलिस ने शनिवार देर रात बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया।

NEWS SAGA DESK:

राजधानी रांची में होटल और बार में कथित अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों के बाद पुलिस ने शनिवार देर रात बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली और लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कई होटल और बार में छापेमारी कर वहां की गतिविधियों की जांच की।

कचहरी चौक के समीप स्थित कोरिंथिया होटल में पुलिस की कार्रवाई के दौरान कई युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, होटल से करीब छह युवतियों और आठ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा होटल के मैनेजर और कर्मचारियों से भी पुलिस ने जानकारी ली। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ किसी आरोप या आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि होटल में युवतियों को किस उद्देश्य से बुलाया जाता था और उन्हें यहां तक पहुंचाने में किन लोगों की भूमिका थी। कथित तौर पर होटल में युवतियों से डांस कराने की जानकारी भी पुलिस के सामने आई है। इसी कड़ी में पैसों के लेन-देन की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में चार हजार से 10 हजार रुपये तक के कथित भुगतान की बात सामने आने का दावा किया जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

पुलिस यह भी खंगाल रही है कि कहीं इस पूरे मामले के पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पश्चिम बंगाल समेत दूसरे राज्यों से युवतियों को बुलाए जाने की आशंका की भी जांच की जा रही है।

वहीं, लालपुर थाना क्षेत्र में भी आधा दर्जन से अधिक होटल और बार पुलिस की जांच के दायरे में रहे। यहां भी संदिग्ध गतिविधियों को लेकर युवक-युवतियों से पूछताछ की गई। पुलिस अब होटल बुकिंग, आने-जाने वालों का रिकॉर्ड, कर्मचारियों की भूमिका और कथित वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read More News

वियतनाम से रांची पहुंचा योग शिक्षक राजा वर्मा का पार्थिव शरीर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर...

Read More