वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को रांची पहुंचा। सरकार ने 5 लाख सहायता की घोषणा की।
रांची: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के किशोरगंज निवासी योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके आवास पहुंचा। कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से रांची लाया गया। जैसे ही राजा वर्मा का पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचा, परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ भी जुटी हुई है।
राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के तौर पर कार्यरत थे। कुछ दिनों पहले वहां सड़क दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उनका इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
परिजनों ने विदेश से पार्थिव शरीर लाने की लगाई थी गुहार
राजा वर्मा के निधन के बाद उनके परिजनों ने पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से मदद की गुहार लगाई थी। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को वियतनाम से भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया गया। सरकार की पहल के बाद शनिवार को पार्थिव शरीर कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचा, जहां से उसे सड़क मार्ग से रांची लाया गया।
महुआ माजी ने घर पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढाढ़स
राज्यसभा सदस्य महुआ माजी भी राजा कुमार वर्मा के आवास पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया। इस दौरान उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राजा वर्मा के आवास पर स्थानीय लोग और परिचित भी पहुंच रहे हैं। हादसे की खबर के बाद से ही परिवार और उनके करीबियों में शोक का माहौल है।
आश्रित को मिलेगी 5 लाख रुपये की सहायता
राजा कुमार वर्मा के परिवार को राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम विभाग द्वारा मृतक के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार की ओर से विदेश में काम करने वाले झारखंड के प्रवासी श्रमिकों के मामलों में सहायता और समन्वय के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की गई।
राजा कुमार वर्मा के निधन से उनके परिवार, परिचितों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में काम कर रहे राजा का इस तरह असमय निधन परिवार के लिए बड़ी क्षति है। उनके पार्थिव शरीर के रांची पहुंचने के बाद अब परिजन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे हैं।
No Comment! Be the first one.