खूंटी के सिम्बूकेल में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण मंत्री दीपक बिरूवा ने किया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए धरती आबा के बलिदान को याद किया। पूरी खबर पढ़ें।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के पावन अवसर पर खूंटी जिले के सिम्बूकेल में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्य के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरूवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर मंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके महान संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उनका त्याग झारखंड के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था।
अधिकार और स्वाभिमान के लिए संघर्ष की प्रेरणा: दीपक बिरूवा मंत्री दीपक बिरूवा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को अपने अधिकारों, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान के लिए डटकर संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उनकी क्रांतिकारी विचारधारा आज के समय में भी उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान बिरसा के संघर्षशील जीवन और उनके विचारों से प्रेरणा लें तथा राज्य और समाज के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उनका जीवन सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा।
भाषा, संस्कृति और परंपरा की रक्षा का संदेश देगी प्रतिमा: रामसूर्या मुंडा कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल खूंटी के विधायक ्रामसूर्या मुंडा ने कहा कि सिम्बूकेल में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की यह प्रतिमा क्षेत्र के लोगों को अपनी मातृभाषा, संस्कृति और समृद्ध परंपरा की रक्षा करने के साथ-साथ सामाजिक न्याय के पथ पर आगे बढ़ने की निरंतर प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें धरती आबा के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर उनके सपनों का एक सशक्त और सुंदर झारखंड बनाने की दिशा में मिलकर काम करना होगा।
आदिवासी अस्मिता का अभिन्न हिस्सा है बिरसा मुंडा का संघर्ष: सुदीप गुड़िया तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया ने अपने विचार रखते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल एक व्यक्ति की लड़ाई नहीं, बल्कि यह पूरे झारखंड की पहचान और आदिवासी अस्मिता का एक अभिन्न हिस्सा है। उनका बलिदान हमेशा समाज को अपने अधिकारों के प्रति सजग और जागरूक रहने की सीख देता रहेगा।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य समाजसेवियों, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने उपस्थित रहकर भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
No Comment! Be the first one.