भारत-नेपाल सीमा पर 122.5 किलो गांजा जब्त, एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक तस्कर गिरफ्तार

बिहार के अररिया में भारत-नेपाल सीमा के पास एसएसबी की 56वीं बटालियन और फुलकाहा पुलिस ने 122.5 किलो गांजा जब्त किया। संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपित गिरफ्तार, बाइक और दो मोबाइल बरामद।

News Saga Desk

अररिया। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 56वीं बटालियन और फुलकाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 122.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

मानिकपुर गांव के पास हुई कार्रवाई

एसएसबी की आई समवाय फुलकाहा और स्थानीय पुलिस ने बीती रात भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 189/04 के समीप मानिकपुर गांव में संयुक्त अभियान चलाया। यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 500 मीटर की दूरी पर की गई।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान फुलकाहा थाना क्षेत्र के नवाबगंज कोशिकापुर निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद आजाद के रूप में हुई है। वह मोहम्मद सफीद मियां का पुत्र है।

गश्ती दल को देखकर भागने लगा आरोपित

एसएसबी के अनुसार, नेपाल के दीवानगंज से गांजे की खेप मोटरसाइकिल के जरिए भारतीय क्षेत्र के मधुरा गांव की ओर लाई जा रही थी। इसी दौरान गश्ती दल को देखकर संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा। एसएसबी जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपित ने खेत में छिपाकर रखी गई गांजे की बोरियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद जवानों ने मौके से कुल 122.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गांजे की खेप मधुरा गांव के एक स्थानीय व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी। इस अवैध कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (बीआर 38 एजी 3910) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। बरामद गांजा, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और गिरफ्तार आरोपित को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए फुलकाहा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

Read More News

झारखंड स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, राष्ट्रपति मुर्मू ने भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं।...

Read More