News Saga Desk
अररिया: जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र में ठेला लगाने के विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां एक ही घटना में दो लोगों की मौत हो गई। यह वारदात कृषि उत्पादन बाजार समिति के गेट संख्या दो के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, ठेला दुकानदार राहुल चौहान (निवासी चौहान टोला, वार्ड संख्या-4) और पिकअप वाहन चालक नबी हुसैन (निवासी अमौना वार्ड संख्या-21, जोगबनी नगर परिषद) के बीच ठेला लगाने को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान राहुल चौहान ने धारदार हथियार से हमला कर नबी हुसैन की गला रेतकर हत्या कर दी।
घटना के बाद झाड़ियों में छिपा आरोपी
बताया गया कि आरोपी ठेला दुकानदार रोजाना सत्तू और अनानास बेचता था। घटना को अंजाम देने के बाद वह बाजार समिति परिसर में बन रहे गोदाम के पास झाड़ियों में छिप गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया।
भीड़ ने पुलिस कस्टडी से छीनकर की हत्या
पुलिस जब आरोपी को सुरक्षित स्थान पर ले जा रही थी, तभी आक्रोशित भीड़ ने उसे पुलिस कस्टडी से छीन लिया और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने कृषि उत्पादन बाजार समिति गेट, सुभाष चौक समेत कई स्थानों पर सड़क जाम कर आगजनी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस देर से मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, स्थिति नियंत्रण में
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अभय कुमार तिवारी, एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा, थानाध्यक्ष मनोज कुमार समेत कई थाना की पुलिस बल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का बयान-हर पहलू से जांच
एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि ठेला लगाने को लेकर हुए विवाद में पहले पिकअप ड्राइवर की गला रेतकर हत्या की गई, जिसके बाद आरोपी ठेला दुकानदार को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला।
उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और एफएसएल टीम की मदद ली जाएगी। साथ ही, आरोपी पर हमला करने वाली भीड़ में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.