News Saga Desk
धनबाद: झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास ‘सिंह मेंशन’ पर बीती देर रात हुई बमबाजी की घटना की जिम्मेदारी कुख्यात अपराधी अमन सिंह (मृत) के गिरोह ने ली है। गिरोह के सदस्य शंकर सिंह की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में इस वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की गई है। साथ ही धनबाद को “शमशान बनाने” और बदला लेने की खुली धमकी दी गई है।
प्रेस विज्ञप्ति में क्या कहा गया
शंकर सिंह के नाम से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिस जमीन पर अमन सिंह का खून बहा है, उस धरती को बंजर बना दिया जाएगा। विज्ञप्ति में धनबाद के व्यापारियों, विशेष रूप से कोयला और लोहे से जुड़े कारोबारियों से रंगदारी की मांग की गई है। शंकर सिंह ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगें नहीं मानने वालों को चुन-चुनकर मारा जाएगा। बयान में संजीव सिंह का नाम लेते हुए भी गंभीर धमकी दी गई है।

देर रात सिंह मेंशन पर फेंके गए बम
गौरतलब है कि रविवार देर रात अपराधियों ने सिंह मेंशन पर दो बम फेंके थे। एक बम मुख्य गेट के अंदर और दूसरा गेट के बाहर फेंका गया। दोनों बम तेज धमाके के साथ फटे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना के बाद फरार हुए अपराधी
बमबाजी की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने घटनास्थल से बम के अवशेष सहित अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
No Comment! Be the first one.