NEWS SAGA DESK
बोकारो जिले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पुपुनकी में आश्रम जाने वाले रास्ते को लेकर हुए विवाद के दौरान पुलिस पर पथराव की घटना सामने आई है। इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा है। हालात बिगड़ते देख चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पुपुनकी आश्रम में अनुयायियों की भारी भीड़ जुटी हुई थी। इसी दौरान सड़क किनारे कुछ युवक शराब पी रहे थे, जिनके साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर सड़क पर वाहनों को रोक दिया गया। सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक पुलिस से उलझ गए और अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना के संबंध में पुलिस ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि आश्रम में भीड़ जुटने की पूर्व सूचना थाने को पहले ही दी गई थी, इसके बावजूद थाना प्रभारी ने समय रहते कोई ठोस व्यवस्था नहीं की। लोगों का कहना है कि यदि समय पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया होता तो यह घटना टाली जा सकती थी।
फिलहाल मौके पर पुलिस कैंप कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उल्लेखनीय है कि पुपुनकी आश्रम जाने वाले रास्ते को लेकर विवाद पहले से चला आ रहा है, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर तनाव की स्थिति बनी रहती है।
No Comment! Be the first one.