News Saga Desk
देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों की घोषणा कर दी है। रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, असम और पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी।
चुनाव आयोग के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव कराए जाएंगे, जिसमें पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। तमिलनाडु में एक ही चरण में 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। सभी राज्यों में मतगणना 4 मई को होगी।
यहां देखें कब और कहां होगा मतदान
असम: मतदान – 9 अप्रैल | मतगणना – 4 मई
तमिलनाडु: मतदान – 23 अप्रैल | मतगणना – 4 मई
पश्चिम बंगाल: मतदान – 23 अप्रैल (पहला चरण), 29 अप्रैल (दूसरा चरण) | मतगणना – 4 मई
केरल: मतदान – 9 अप्रैल | मतगणना – 4 मई
पुडुचेरी: मतदान – 9 अप्रैल | मतगणना – 4 मई
चुनाव आयोग ने बताया कि तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सोशल मीडिया पर फेक न्यूज पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बेहतर कार्य करने वाले बूथ लेवल ऑफिसरों (BLO) को बधाई भी दी।
पोलिंग स्टेशनों पर होगी वेबकास्टिंग
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी पोलिंग स्टेशनों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही बूथ कर्मियों को पहचान पत्र भी दिए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराए जाएंगे।
इसके अलावा EVM में प्रत्याशियों के रंगीन फोटो भी होंगे और मोबाइल ऐप के माध्यम से मतदाताओं को चुनाव से जुड़ी सभी जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
बड़ी संख्या में तैनात होंगे कर्मचारी और सुरक्षा बल
चुनाव आयोग के मुताबिक असम में करीब 31 हजार पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे, जहां मतगणना के दिन लगभग 40 हजार कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। विधानसभा चुनाव को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत करीब 25 लाख चुनाव अधिकारियों को तैनात किया गया है। वहीं चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए करीब 8.5 लाख सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
आयोग के अनुसार असम में कुल 2.5 करोड़ मतदाता हैं, जबकि पश्चिम बंगाल में मतदाताओं की संख्या लगभग 6.44 करोड़ है। पांचों राज्यों की कुल 824 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा और करीब 17.4 करोड़ मतदाता इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
No Comment! Be the first one.