News Saga Desk
पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र से गुरुवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई है , जिसमें पूर्व मुखिया नवीन प्रसाद और एक दुकानदार अजीत गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, नवीन प्रसाद अपने क्षेत्र के कान्दू मोहल्ला में कंबल वितरण को लेकर स्थानीय लोगों से चर्चा कर रहे थे। तभी अचानक कुछ अपराधी पैदल पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बचाव के प्रयास में नवीन प्रसाद पास की एक दुकान में घुसे, लेकिन अपराधी वहां भी घुसकर गोलीबारी करते रहे। इस घटना में नवीन प्रसाद को सीने में और दुकानदार अजीत गुप्ता को हाथ में गोली लगी।
मौके पर तुरंत डीएसपी राजीव रंजन और टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार पुलिस बल के साथ पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। डीएसपी ने बताया कि दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपियों की पकड़ के लिए विभिन्न इलाकों में छापेमारी जारी है।
घटना के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पूर्व मुखिया की पत्नी नगर निगम की पूर्व वार्ड पार्षद रह चुकी हैं, जिसके कारण अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश में लगातार जुटी हुई है।
No Comment! Be the first one.