News Saga Desk
बोकारो: ट्रेजरी से वेतन मद में करीब 3 करोड़ 15 लाख रुपये की संदिग्ध निकासी का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर ट्रेजरी ऑफिसर गुलाब चंद उरांव ने बीएससिटी थाना में देर रात प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच तेज कर दी है।
जांच में सामने आई वित्तीय अनियमितता
ट्रेजरी ऑफिसर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कोषागार अभिलेखों और बैंक खातों की जांच के दौरान गंभीर गड़बड़ी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि पुलिस उप निरीक्षक उपेंद्र सिंह के नाम से वित्तीय वर्ष 2024-25 में मई 2024 से मार्च 2026 तक वेतन मद से निकाली गई राशि को अन्य खातों में ट्रांसफर किया गया, जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि निकासी और राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया सरकारी नियमों के अनुरूप नहीं थी।
अकाउंटेंट ने पत्नी के खाते में डलवाई रकम
मामले में बड़ा खुलासा करते हुए बताया गया कि निकाली गई राशि का ट्रांसफर पुलिस विभाग के अकाउंटेंट कौशल कुमार पाण्डेय द्वारा कराया गया। यह रकम उसकी पत्नी के बैंक खाते में भेजी गई थी, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अकाउंटेंट को गिरफ्तार कर लिया है।
उपायुक्त के निर्देश पर शुरू हुई विस्तृत जांच
मामला सामने आने के बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी को विस्तृत जांच का जिम्मा सौंपा। उन्हें सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया था।
संदिग्ध खातों को फ्रीज करने की कार्रवाई
प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद उपायुक्त ने संबंधित व्यक्ति और उससे जुड़े बैंक खातों को फ्रीज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
एसपी को भी कार्रवाई के निर्देश
जिला प्रशासन ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक बोकारो को भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अन्य संलिप्त लोगों की भी होगी जांच
प्रशासन का मानना है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता। जांच के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पारदर्शिता के साथ जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन की निगरानी में चल रही जांच
उपायुक्त अजय नाथ झा स्वयं इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.