News Saga Desk
रामगढ़। रामगढ़ जिले के भुरकुंडा रेलवे साइडिंग में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना भदानीनगर थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। रेलवे साइडिंग के संचालक भोला यादव को निशाना बनाकर 2 बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। गनीमत रही कि भोला यादव बाल-बाल बच गए। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, इंस्पेक्टर और आसपास के थानों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। इस दौरान घटनास्थल से बरामद कारतूसों की गिनती की गयी। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू कर दी है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि 2 युवक बाइक से आए और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान अफरातफरी का माहौल बन गया।
भोला यादव ने बताया, ”हम ऑफिस के बाहर बैठे काम कर रहे थे तभी अचानक 2 युवक आए और गोलियां चलाने लगे। हमें कुछ समझ में नहीं आया और हम भाग गए। ये किसने और क्यों किया, इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन कर्मचारी काफी डरे हुए हैं।” पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने बताया, “5 से 6 राउंड फायरिंग की बात सामने आ रही है। मामले की जांच जारी है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्दी ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।”
No Comment! Be the first one.