पटना समेत बिहार के 5 जिलों की अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट खाली, हाई अलर्ट

News Saga Desk

बिहार में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पटना समेत राज्य के पांच जिलों के कोर्ट परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। धमकी मिलने के बाद सभी संबंधित अदालतों को तुरंत खाली करा लिया गया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

अज्ञात ई-मेल के जरिए पटना सिविल कोर्ट, पटना सिटी कोर्ट, किशनगंज सिविल कोर्ट, गयाजी सिविल कोर्ट और अररिया व्यवहार न्यायालय को निशाना बनाने की बात कही गई है। मेल भेजने वाले ने खुद को LTTE का सदस्य अरुण कुमार बताया है। ई-मेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसरों में तीन-तीन RDX बम लगाए गए हैं, जिन्हें दोपहर 2:30 बजे रिमोट के जरिए उड़ाया जाएगा। धमकी में श्रीलंका के ईस्टर ब्लास्ट जैसा हमला करने की बात भी लिखी गई, जिससे दहशत का माहौल बन गया।

धमकी मिलते ही सभी अदालतों को खाली करा लिया गया। जज, वकील, कोर्ट कर्मचारी, कैदी, गवाह और फरियादियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल किसी भी कोर्ट परिसर में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

पटना सिविल कोर्ट में पीरबहोर थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड ने मोर्चा संभाल लिया है। कोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। पटना सिटी कोर्ट में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और डॉग स्क्वाड के जरिए गहन जांच चल रही है।

इसी तरह किशनगंज, गया और अररिया के कोर्ट परिसरों में भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। गयाजी सिविल कोर्ट को सुबह करीब 9:45 बजे धमकी भरा ई-मेल मिला, जबकि अररिया व्यवहार न्यायालय को जिला जज की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भेजी गई। सभी जगहों पर तलाशी अभियान जारी है।

अब तक किसी भी कोर्ट परिसर से विस्फोटक मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है। साइबर सेल ई-मेल की जांच में जुटी है और भेजने वाले की पहचान व लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश जारी है।

Read More News

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के 262 चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, ईमानदारी से काम करने की दी नसीहत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय स्थित प्रोजेक्ट भवन के सभागार में स्वास्थ्य विभाग के...

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खेल उत्सव का आयोजन, क्रॉस कंट्री रेस में मांगु ईचागुटू और प्रतिका महतो बने चैंपियन

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ तथा झारखंड सरकार के पर्यटन,...

मुहर्रम की सातवीं पर मेदनीनगर में निकला भव्य जुलूस, ‘या हसन-या हुसैन’ के नारों से गूंजा शहर

मुहर्रम की सातवीं तारीख के अवसर पर मेदनीनगर में मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक भव्य जुलूस निकाला...

Read More