मैक्लुस्कीगंज में बेखौफ हुए अपराधी, सुबह-सुबह घर पर की ताबड़तोड़ फाय’रिंग

News Saga Desk

मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के मुंडाधौड़ा गांव में गुरुवार की सुबह करीब 6:05 बजे अज्ञात अपराधियों ने गांव निवासी नसीम खान के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की, अचानक हुई इस वारदात से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में दुबक गए।

जानकारी के अनुसार, दो मोटरसाइकिल पर सवार अपराधी नसीम खान के घर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के लगातार चार राउंड गोली चलाई। इसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही ग्रामीण भयभीत हो गए और कुछ देर के लिए गांव में दहशत का माहौल बन गया।

धमकी के बाद शक, रंगदारी का मामला?

प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवार के अनुसार, अपराधियों ने फायरिंग के दौरान कथित रूप से कहा: “पैसा नहीं दोगे तो ऐसा होता रहेगा।” इस बयान के बाद घटना को रंगदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों का मकसद डर फैलाना और पैसों की मांग करना हो सकता है।

पीड़ित बोले, किसी से विवाद नहीं

घटना के बाद नसीम खान ने बताया कि वे पेशे से ड्राइवर हैं और उन्हें किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि अचानक हुई फायरिंग से पूरा परिवार डर गया है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया

मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और संभावित सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। इसके अलावा, अपराधियों के भागने की दिशा और इस्तेमाल की गई बाइक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

कोई घायल नहीं, लेकिन गांव में भय का माहौल

इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सुबह-सुबह हुई फायरिंग ने पूरे गांव में डर और तनाव पैदा कर दिया। ग्रामीण अपने बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

पुलिस जांच, रंगदारी या व्यक्तिगत दुश्मनी

पुलिस ने कहा है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच में रंगदारी और व्यक्तिगत दुश्मनी दोनों पहलुओं को ध्यान में रखा गया है। पुलिस जल्द अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी करने का प्रयास कर रही है।

Read More News

झारखंड हाईकोर्ट ने कोयला निर्यात विवाद में राज्य सरकार से मांगा जवाब, सभी प्रतिवादियों को नोटिस

रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने अंतरराष्ट्रीय कोयला निर्यात से जुड़े करोड़ों रुपये के विवाद पर सुनवाई...

रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल से की शिष्टाचार मुलाकात, विकास कार्यों पर चर्चा

रांची: लोक भवन में शुक्रवार को यानी कल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से...

Read More