रांची से लापता नौवीं का छात्र हिमांशु मुंडा सकुशल बरामद, रामगढ़ से पुलिस ने किया रिकवर

News Saga Desk

रांची: राजधानी रांची से लापता हुआ नौवीं कक्षा का छात्र हिमांशु मुंडा आखिरकार सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने उसे रामगढ़ से खोजकर उसके परिजनों के सौप दिया है, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली है।

विवाद के बाद घर छोड़कर गया था छात्र

जानकारी के अनुसार, हिमांशु मुंडा सदर थाना क्षेत्र के दीपा टोली का निवासी है और डीएवी पब्लिक स्कूल, बरियातू में पढ़ाई करता है। कुछ दिन पहले वह अपने माता-पिता से हुए विवाद के बाद घर छोड़कर चला गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था।

दो दिन की तलाश के बाद मिली सफलता

परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस लगातार छात्र की तलाश में जुटी हुई थी, करीब दो दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस को सफलता मिली और हिमांशु को रामगढ़ इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

डर के कारण घर नहीं लौट रहा था

सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान छात्र ने बताया कि उसे डर था कि घर लौटने पर उसे डांट या सजा मिल सकती है, इसी वजह से वह वापस नहीं आ रहा था।

पुलिस की अपील

पुलिस ने छात्र को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया है। साथ ही परिजनों को बच्चों के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने की सलाह दी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Read More News

Read More