क्राउन प्रिंस बने पीएम मोदी के ड्राइवर, भारत-जॉर्डन रिश्तों में दिखी खास गर्मजोशी

News Saga Desk

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों अरब देशों की यात्रा पर हैं। यात्रा के पहले चरण में वे जॉर्डन पहुंचे, जहां उनका भव्य और गर्मजोशी भरा स्वागत किया गया। इस दौरान जॉर्डन से एक खास नजारा सामने आया, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। जॉर्डन के क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय खुद कार चलाकर प्रधानमंत्री मोदी को जॉर्डन म्यूजियम तक ले गए।

मंगलवार को क्राउन प्रिंस ने बेहद आत्मीय अंदाज में प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी की। पैगंबर मोहम्मद की 42वीं पीढ़ी के प्रत्यक्ष वंशज माने जाने वाले क्राउन प्रिंस म्यूजियम भ्रमण के दौरान भी पीएम मोदी के साथ मौजूद रहे। अम्मान में प्रधानमंत्री के व्यस्त कार्यक्रमों के बीच यह यात्रा खास मानी जा रही है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

जॉर्डन दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-जॉर्डन बिजनेस फोरम को भी संबोधित किया। इसमें दोनों देशों के प्रमुख कारोबारी नेताओं ने आर्थिक सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि यह यात्रा नई दिल्ली और अम्मान के बीच संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नवीकरणीय ऊर्जा से लेकर डिजिटल नवाचार तक, सहयोग के नए आयाम दोनों देशों की साझेदारी की गहराई को दर्शाते हैं।

इससे पहले पीएम मोदी दो दिवसीय यात्रा पर जॉर्डन पहुंचे थे, जहां हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री जाफर हसन ने उनका स्वागत किया। इसके बाद किंग अब्दुल्ला द्वितीय ने अल हुसैनिया पैलेस में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक और गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान ऊर्जा, डिजिटल तकनीक, जल प्रबंधन, संस्कृति और जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापन (MoU) और करार हुए। इनमें नई और नवीकरणीय ऊर्जा में तकनीकी सहयोग, जल संसाधन प्रबंधन, पेट्रा-एलोरा ट्विनिंग एग्रीमेंट, 2025-29 के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम और डिजिटल समाधानों को साझा करने से जुड़े समझौते शामिल हैं।

जॉर्डन यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इथियोपिया के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वे प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के निमंत्रण पर अपनी पहली आधिकारिक यात्रा करेंगे। इसके बाद वे अपने दौरे के अंतिम चरण में ओमान जाएंगे।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More