गोड्डा में साइबर ठगी का भंडाफोड़, चार युवक गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल बरामद

News Saga Desk

गोड्डा: देवडांड थाना क्षेत्र के परगोडीह गांव में सड़क किनारे पेड़ के नीचे बैठकर साइबर ठगी कर रहे चार संदिग्ध युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर गश्ती दल द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर चिन्हित स्थान पर छापेमारी की गई। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो चार युवक पेड़ के नीचे बैठे नजर आए। पुलिस वाहन को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन हथियारबंद बलों की मदद से पीछा कर चारों को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने साइबर ठगी में संलिप्त होने की बात स्वीकार कर ली।

गोड्डा और दुमका जिले से जुड़े हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुमार (21 वर्ष), अजय केवट (22 वर्ष), नितीश कुमार मंडल (29 वर्ष) और निरंजन मंडल (26 वर्ष) के रूप में हुई है। इनमें से कुछ आरोपी गोड्डा जबकि कुछ दुमका जिले के निवासी हैं।

नकदी, मोबाइल और सिम कार्ड बरामद

एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद डीएसपी गौरव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी, जिसमें टाउन इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और देवडांड थाना प्रभारी देवनाथ शामिल थे। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 45 हजार रुपये नकद, विभिन्न कंपनियों के चार मोबाइल फोन, सिम कार्ड और दो खाली सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पेड़ के नीचे बैठकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे और पुलिस की गाड़ी देखते ही भागने की कोशिश की। इस संबंध में देवडांड थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More