NEWS SAGA DESK
राजधानी रांची में लगातार हो रही जघन्य घटनाओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालात ऐसे प्रतीत हो रहे हैं मानो अपराधियों को न कानून का भय है और न ही पुलिस-प्रशासन का। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर रांची में हो क्या रहा है और अपराधियों का मनोबल किसके सहारे इतना बढ़ा हुआ है।
बीते कुछ दिनों की घटनाएं बेहद चिंताजनक रही हैं। दो दिन पहले लालपुर इलाके में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं, 31 दिसंबर की रात बिरसा चौक पर एक युवक को गाड़ी से कुचलकर मार डाला गया। अब ताजा मामला मीडियाकर्मियों पर हुए जानलेवा हमले का है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, 6 जनवरी की रात करीब एक बजे दैनिक जागरण आईनेक्स्ट के दो मीडियाकर्मी कार्यालय से काम समाप्त कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे कोकर स्थित सुभाष चौक के पास पहुंचे, बाइक सवार दो असामाजिक तत्वों ने छिनतई के इरादे से उन पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए दोनों आरोपियों का पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया। जिम्मेदार नागरिकों की तरह उन्होंने कानून हाथ में लेने के बजाय दोनों असामाजिक तत्वों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत लिखित कार्रवाई की है।
No Comment! Be the first one.