सारंडा में नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक अभियान, शीर्ष माओवादी की तलाश तेज

News Saga Desk

पश्चिमी सिंहभूम: सारंडा क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का संयुक्त अभियान अब निर्णायक चरण में पहुंचता नजर आ रहा है। झारखंड पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे दबाव के बीच माओवादी नेटवर्क के कमजोर पड़ने की बात सामने आ रही है। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में शेष सक्रिय माओवादियों की तलाश के लिए अभियान को और तेज कर दिया गया है।

हाल के दिनों में ऑपरेशन मेगाबुरू के तहत 17 माओवादियों के मारे जाने के बाद सुरक्षा बलों का मनोबल ऊंचा है। इसी कड़ी में शीर्ष माओवादी नेताओं मिसिर बेसरा और असीम मंडल समेत अन्य सक्रिय सदस्यों की खोज के लिए विशेष रणनीति के साथ अभियान चलाया जा रहा है।

सारंडा में चल रहे ऑपरेशन की निगरानी झारखंड पुलिस मुख्यालय और सीआरपीएफ के उच्चस्तरीय अधिकारियों द्वारा लगातार की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, इलाके में बढ़ते दबाव के कारण माओवादियों की आपूर्ति व्यवस्था और संचार नेटवर्क पर गंभीर असर पड़ा है, जिससे उनका संगठनात्मक ढांचा कमजोर हुआ है।

अभियान में झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा (CoBRA), झारखंड जगुआर और जिला बल के जवान शामिल हैं। सुरक्षा बलों द्वारा जंगल के अंदरूनी इलाकों में लॉन्ग-रेंज पेट्रोलिंग, कैंप सर्च ऑपरेशन और संदिग्ध मूवमेंट की ट्रैकिंग बढ़ा दी गई है। पश्चिमी सिंहभूम से सटे ओडिशा सीमा क्षेत्र में भी निगरानी कड़ी कर दी गई है, ताकि माओवादियों की आवाजाही और संभावित ठिकानों पर नियंत्रण रखा जा सके।

अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से माओवादी दबाव में हैं। उन्हें बार-बार हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील की जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती के चलते माओवादियों के लिए सुरक्षित मूवमेंट और रसद जुटाना मुश्किल हो गया है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों का लक्ष्य सारंडा क्षेत्र में शेष बचे माओवादी तत्वों को या तो आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित करना है या कानून के दायरे में लाकर क्षेत्र को पूरी तरह नक्सल मुक्त करना है। इसके लिए झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ दिन-रात रणनीतिक स्तर पर अभियान को आगे बढ़ा रही हैं।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More