धनबाद में पुलिस और प्रिंस खान गैंग के बीच मुठभेड़, तीन अपराधी गिरफ्तार

News Saga Desk

धनबाद में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुटकी थाना क्षेत्र के भागाबांध ओपी इलाके में हुए इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो अपराधियों को गोली लगी, जबकि एक आरोपी भागने की कोशिश में घायल हो गया और उसका पैर टूट गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

संयुक्त ऑपरेशन में पुलिस को बड़ी सफलता

जानकारी के अनुसार रांची एसएसपी राकेश रंजन और धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने यह संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के कुछ सक्रिय सदस्य इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। इसी दौरान अपराधियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए।

तीन अपराधी दबोचे गए

पुलिस ने मौके से गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान कुबेर, विक्की डोम और अमन अफजल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक ये सभी कुख्यात अपराधी हैं और कई आपराधिक मामलों में इनकी तलाश की जा रही थी।

प्रिंस खान के नाम पर मांगी जा रही थी रंगदारी

पुलिस के अनुसार राजधानी रांची में अलग-अलग लोगों को प्रिंस खान के नाम पर ई-मेल के जरिए रंगदारी मांगने का काम कुबेर कर रहा था। इस संबंध में रांची एसएसपी राकेश रंजन को धनबाद में अपराधी के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद रांची और धनबाद पुलिस ने संयुक्त रणनीति बनाकर एक जॉइंट ऑपरेशन टीम का गठन किया और गिरोह के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान कुबेर और उसके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुबेर और विक्की डोम के पैर में गोली लगी, जबकि अमन अफजल भागने के दौरान घायल हो गया और उसका पैर टूट गया।

एयरपोर्ट होटल कर्मी हत्याकांड से जुड़े सुराग

पुलिस सूत्रों के अनुसार इन अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद रांची एयरपोर्ट क्षेत्र में हुए होटल कर्मी की हत्या के मामले में भी अहम सुराग मिले हैं। पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं और पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन

मुठभेड़ के बाद भागाबांध ओपी क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। धनबाद एसएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही इस गैंग के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

Read More News

असम, बंगाल समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, जानिए कब होगी वोटिंग और मतगणना

देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों की घोषणा कर दी है।...

Read More