News Saga Desk
पश्चिमी सिंहभूम : जिले में फर्जी पुलिस बनकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी रोशन एक्का (38) को गिरफ्तार किया और उसके साथ शामिल एक नाबालिग (17) को हिरासत में लिया। आरोपियों ने फर्जी पुलिस नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल से घूमकर खुद को सीआईडी का अधिकारी बताकर लोगों को डराया और उनसे पैसे ऐंठे।
पुलिस पदाधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलने पर टीम ने टुंगरी पुल के पास संदिग्ध बाइक को रोका और तलाशी ली। बाइक पर सवार रोशन एक्का और नाबालिग सनातन पाट पिंगुवा पाए गए। तलाशी के दौरान बाइक की असली नंबर प्लेट JH06Q 3520 बरामद हुई, जबकि बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट JH06Q 8055 और पुलिस लोगो लगा हुआ था। इसके अलावा रोशन के पास से चोरी का मोबाइल और नाबालिग के पास से दो मोबाइल बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप प्रोफाइल पर उच्च पुलिस अधिकारी की तस्वीर लगाकर खुद को बड़ा अधिकारी बताता और इसी तरह लोगों को डराकर पैसे की मांग करता था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब दो महीने पहले उन्होंने नोवामुंडी थाना क्षेत्र में भी इसी तरीके से ठगी की थी।
इस संबंध में मुफ्फसिल थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि रोशन एक्का का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी सजायाफ्ता रह चुका है। इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा बहामन टुटी के नेतृत्व में टीम ने शामिल होकर गिरोह का पर्दाफाश किया।
No Comment! Be the first one.