बिहार में चलती ट्रेन पर फायरिंग, सीमांचल एक्सप्रेस की जनरल बोगी क्षतिग्रस्त

News Saga Desk

बिहार में एक बार फिर ट्रेन सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. देर रात सीमांचल एक्सप्रेस पर अज्ञात उपद्रवियों ने फायरिंग और पत्थरबाजी की, जिससे जनरल बोगी का शीशा टूट गया. यह घटना दिल्ली–हावड़ा मेन रेल लाइन पर आरा के पास चालीसवां पुल और जमीरा हॉल्ट के आसपास हुई. अचानक हुई इस वारदात से ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा.

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. आरा सदर एसडीपीओ वन राज कुमार साह, रेल डीएसपी कंचन राज समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि आसपास के इलाकों में भय का माहौल फैल गया.

जानकारी के अनुसार, कोहरे के कारण सीमांचल एक्सप्रेस पहले से ही देरी से चल रही थी. चालीसवां पुल और जमीरा हॉल्ट के बीच अज्ञात लोगों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया. इसके बाद जब ट्रेन में मौजूद एस्कॉर्ट पार्टी के जवान ने टॉर्च जलाकर स्थिति देखने की कोशिश की, तभी अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई और फायरिंग भी की गई. जवानों ने उपद्रवियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.

घटना के बाद एस्कॉर्ट पार्टी के जवान संजीव कुमार के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस इस वारदात को शराब तस्करी से भी जोड़कर देख रही है. मौके से खोखे भी बरामद किए गए हैं और फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

Read More News

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, पवन साय को मिली कमान, कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

भाजपा ने पवन साय को झारखंड का नया संगठन महामंत्री बनाया है। कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी...

Read More