News Saga Desk
राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी में मंगलवार देर रात हुई थार कांड की घटना में नया खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि आपसी विवाद में की गई सोची-समझी हत्या थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी अतुल चड्डा उर्फ आयुष कुमार (32) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी ब्लैक कलर की थार रॉक्स और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
घटना में हटिया सिंहमोड़ निवासी धर्मेंद्र कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्नपूर्णा नायडू, संदीप महतो, प्रशांत गौरव और अमित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज गुरुनानक अस्पताल में कराया गया।
जानकारी के अनुसार, रेलवे कॉलोनी में आयोजित एक गृहप्रवेश समारोह में शामिल होने के बाद सभी लोग भोजन कर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान कृष्णापुरी स्टेशन की ओर से तेज गति में आ रही थार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चालक वाहन लेकर डोरंडा की ओर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मृतक धर्मेंद्र कुमार और आरोपी अतुल चड्डा के बीच पहले से दोस्ती थी, लेकिन पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गृहप्रवेश समारोह के दौरान भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी थार गाड़ी धर्मेंद्र पर चढ़ा दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
No Comment! Be the first one.