JSSC परीक्षा को लेकर रांची में सख्ती, केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू

News Saga Desk

रांची में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित कंप्यूटर आधारित झारखंड तकनीकी/विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सख्त व्यवस्था की है। इसके तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

यह परीक्षा 15 फरवरी से 21 फरवरी, 24 फरवरी से 26 फरवरी तथा 28 फरवरी से 2 मार्च तक रांची जिले के 17 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश पर सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी और बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या भीड़ की स्थिति उत्पन्न न हो।

जारी आदेश के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि सरकारी कार्य, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा से जुड़े लोगों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग, किसी भी प्रकार के हथियार या आपत्तिजनक सामग्री ले जाने तथा बैठक या आमसभा आयोजित करने पर पूर्ण रोक रहेगी।

यह निषेधाज्ञा प्रतिदिन सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगी और निर्धारित परीक्षा अवधि के दौरान लागू रहेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की पारदर्शिता और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read More News

शिरडी में साईं बाबा के दर्शन कर बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आध्यात्मिक स्थलों से मिलती है प्रेरणा

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महाराष्ट्र प्रवास के दौरान शिरडी पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार...

Read More