News Saga Desk
रांची: जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए एदलहातु इलाके में एक मकान पर छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और रिफिलिंग का खुलासा हुआ है।
प्रशासनिक टीम ने रात करीब 8:55 बजे छापा मारा, जहां एक व्यक्ति किराए के मकान में गैस सिलेंडरों को छोटे सिलेंडरों में भरकर अवैध रूप से बेच रहा था। मौके से बड़ी संख्या में सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण बरामद किए गए।
क्या-क्या हुआ बरामद
छापेमारी के दौरान निम्नलिखित सामग्री जब्त की गई:
- 14.2 किलो के 3 भरे और 2 खाली घरेलू गैस सिलेंडर (इंडेन)
- 14.2 किलो का 1 भरा घरेलू गैस सिलेंडर (एचपी)
- 5 किलो का 1 खाली छोटा सिलेंडर
- 19.2 किलो के 2 खाली व्यावसायिक सिलेंडर (गो गैस)
- गैस रिफिलिंग मशीन, रेगुलेटर और पाइप
- डिजिटल वजन मापने की मशीन
मौके पर ही सभी सामान की विस्तृत जब्ती सूची तैयार की गई। बरामद सिलेंडर और उपकरण संबंधित गैस एजेंसियों को सौंप दिए गए हैं।
सख्त कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।
प्रशासन की सतत निगरानी
जिले में हाल के दिनों में घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कमी की शिकायतों को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चला रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आम लोगों से अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या रिफिलिंग की सूचना मिले, तो तुरंत प्रशासन, नजदीकी थाना या ईमेल के माध्यम से जानकारी दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
No Comment! Be the first one.