News Saga Desk
झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। शहर से लेकर वार्ड स्तर तक प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। चुनावी प्रचार-प्रसार अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। सभा, रोड शो और घर-घर संपर्क के जरिए वोटरों को साधने की कोशिशें तेज हो गई हैं। शाम 5 बजे तक प्रचार-प्रसार पूरी तरह थम जाएगा। इसी क्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री जया प्रदा पलामू पहुंचीं और भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर के समर्थन में रोड शो कर जनता से समर्थन मांगा।
चैनपुर से शिवाजी बाजार तक निकला काफिला
जया प्रदा का रोड शो चैनपुर से शुरू होकर जिला स्कूल चौक और विष्णु मंदिर चौक होते हुए शिवाजी बाजार तक पहुंचा। पूरे मार्ग में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच आगे बढ़ते काफिले में मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर भी मौजूद रहीं। दोनों ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और समर्थन की अपील की। समर्थक पार्टी के झंडे और बैनर के साथ पूरे उत्साह में नजर आए।
शिवाजी बाजार में जनसभा
शिवाजी बाजार पहुंचने के बाद जया प्रदा ने एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए मजबूत और ईमानदार नेतृत्व जरूरी है। उन्होंने लोगों से अरुणा शंकर को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। सभा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
अंतिम चरण में बढ़ी चुनावी सरगर्मी
निकाय चुनाव के प्रचार के अंतिम दौर में आयोजित इस रोड शो ने पलामू की चुनावी हलचल को और तेज कर दिया है। अब क्षेत्र में मतदान और उसके नतीजों को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
No Comment! Be the first one.