News Saga Desk
धनबाद: नगर निगम चुनाव के दौरान सोमवार सुबह झरिया में माहौल तनावपूर्ण हो गया। डीएवी उच्च विद्यालय स्थित बूथ संख्या 12, 13, 14 और 15 के पास मुख्य सड़क जाम होने से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। सड़क बाधित रहने के कारण मतदाताओं को अपने-अपने बूथ तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और कई केंद्रों पर मतदान की गति धीमी हो गई।
रात की घटना के बाद भड़का आक्रोश
जानकारी के अनुसार, बीती देर रात झरिया थाना एवं घनुवाडीह ओपी क्षेत्र के बालूगद्दा में अवैध कोयला लदे एक ट्रक की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने अवैध कोयला लदे तीन ट्रकों को पकड़ लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आगजनी और सड़क जाम से बाधित हुई आवाजाही
सोमवार सुबह मतदान के दौरान गुस्साए लोगों ने झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग पर डीएवी उच्च विद्यालय के समीप आगजनी करते हुए सड़क जाम कर दी। इसके चलते मतदाताओं की आवाजाही बाधित हुई और आसपास के कई बूथों पर मतदान प्रभावित रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस, स्थिति नियंत्रण की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भारी संख्या में मौके पर पहुंची। प्रशासन प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को सामान्य करने में जुटा हुआ है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, ताकि हालात और न बिगड़ें।
इलाके में तनाव, प्रशासन सतर्क
बच्चे की मौत और उसके बाद हुए विरोध प्रदर्शन से क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। इसका असर चुनावी माहौल पर भी देखा गया। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मतदाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
No Comment! Be the first one.