झारखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट है। जानें 9 से 12 सितंबर तक मौसम का हाल।
झारखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र और उत्तर प्रदेश से लौटे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 9 से 12 सितंबर के बीच कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मानसून फिर सक्रिय होने से राजधानी रांची समेत कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लगातार बादल छाए रहने और बारिश के कारण रांची के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने अगले 3 से 4 दिनों तक राज्य में अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
9 सितंबर को 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 9 सितंबर को राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है। इनमें रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। प्रशासन और स्थानीय लोगों को मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है।
10 सितंबर को रांची समेत इन जिलों में चेतावनी
10 सितंबर को मौसम का असर और व्यापक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह और धनबाद में तेज हवा के साथ भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई है। मानसून फिर सक्रिय होने के कारण इन क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर तेज बारिश के साथ मौसम अचानक खराब हो सकता है। खासकर वज्रपात की स्थिति में लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। 11 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसे भी देखें...Ranchi University का 39वां दीक्षांत समारोह कल, 58 छात्रों को 71 Gold Medal | 3353 को Degree
12 सितंबर तक राज्य में बारिश और वज्रपात की गतिविधियां बने रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, मानसून ट्रफ मुजफ्फरनगर, बस्ती, डेहरी और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके अलावा मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब साइक्लोनिक सर्कुलेशन में बदल गया है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से झारखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है।
No Comment! Be the first one.