झारखंड में उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से ठीक पहले रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। देर रात की गई छापेमारी में 160 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिससे अभ्यर्थियों और प्रशासन के बीच हलचल बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई तमाड़ के रंगामाटी इलाके में की गई, जहां एक हॉल में बड़ी संख्या में युवक मौजूद थे। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत छापेमारी की। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए अधिकांश युवक उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए विभिन्न जिलों से रांची पहुंचे थे। लेकिन देर रात एक साथ उनकी मौजूदगी ने पुलिस को संदेह में डाल दिया। मौके से कई दस्तावेज और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।
आशंका जताई जा रही है कि मामला किसी संगठित गतिविधि या परीक्षा से जुड़ी संभावित गड़बड़ी से संबंधित हो सकता है। हालांकि, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी प्रवीण पुष्कर खुद तमाड़ में मौजूद रहकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि वे वहां किस उद्देश्य से एकत्रित हुए थे।
गौरतलब है कि 12 अप्रैल को राज्य के कई जिलों रांची, धनबाद, देवघर, दुमका, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम और खूंटी में उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा आयोजित होनी है। ऐसे में परीक्षा से ठीक पहले इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आधिकारिक पुष्टि के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी, लेकिन इस घटना ने परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी है।
No Comment! Be the first one.