क्रिसमस पर भी नहीं चली पटना मेट्रो, तकनीकी खराबी से दूसरे दिन लगातार सेवा ठप

News Saga Desk

पटना: क्रिसमस के दिन पटना मेट्रो से सफर करने की उम्मीद लगाए यात्रियों को निराशा हाथ लगी। तकनीकी खराबी के कारण पटना मेट्रो सेवा लगातार दूसरे दिन भी पूरी तरह बंद रही। पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (PMRCL) ने सार्वजनिक सूचना जारी कर बताया कि अप्रत्याशित तकनीकी समस्या के चलते गुरुवार को भी मेट्रो सेवाएं आम यात्रियों के लिए उपलब्ध नहीं कराई जा सकीं।

मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, बुधवार को आई तकनीकी गड़बड़ी के बाद 76 दिनों के बाद पहली बार मेट्रो संचालन रोकना पड़ा था, लेकिन गुरुवार तक भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। PMRCL ने बताया कि तकनीकी टीम लगातार खराबी दूर करने में जुटी हुई है और सेवा बहाल करने के प्रयास जारी हैं। यात्रियों से असुविधा के लिए माफी मांगते हुए कहा गया है कि मेट्रो संचालन से जुड़ी आगे की जानकारी आधिकारिक माध्यमों से साझा की जाएगी।

गौरतलब है कि पटना मेट्रो की प्रायोरिटी कॉरिडोर सेवा का उद्घाटन 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था और 7 अक्टूबर से आम लोगों के लिए मेट्रो सेवा शुरू हुई थी। फिलहाल मेट्रो का संचालन भूतनाथ, जीरो माइल और आईएसबीटी स्टेशनों के बीच किया जा रहा है। इन तीनों स्टेशनों के बीच न्यूनतम किराया 15 रुपये निर्धारित है। मेट्रो की अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है और यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशनों पर डबल लेयर सिक्योरिटी सिस्टम लागू किया गया है।

मेट्रो विस्तार को लेकर हालांकि राहत भरी खबर भी है। नए साल में दो नए स्टेशनों को शुरू करने की योजना है। मलाही पकड़ी स्टेशन पर सिविल और स्ट्रक्चरल कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि खेमनीचक स्टेशन में अलाइनमेंट और आंतरिक निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। खेमनीचक स्टेशन को भविष्य के रूट संचालन के लिए एक महत्वपूर्ण कनेक्टिंग स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल टेस्टिंग, सिग्नलिंग और सुरक्षा मूल्यांकन से जुड़े कार्य अंतिम चरण में हैं। साथ ही पटना मेट्रो परियोजना के तहत पटना जंक्शन से रुकनपुरा और मीठापुर तक 9.35 किलोमीटर लंबा अंडरग्राउंड कॉरिडोर भी विकसित किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में राजधानी के यातायात को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Read More News

Read More